एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल 29वें दिन भी जारी
एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल 29वें दिन भी जारी

राज्यपाल से इच्छा मृत्यु की मांग
अंबागढ़ चौकी:-
छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशभर में चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को 29वें दिन भी जारी रही। जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में बड़ी संख्या में जुटे कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया और राज्यपाल को पत्र लिखकर इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी।
कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है, जिससे कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, ग्रेड पे, 27% वेतन वृद्धि, अनुकंपा नियुक्ति, निष्कासित कर्मचारियों की बहाली जैसी बातें शामिल हैं।
धरना स्थल पर जिला अध्यक्ष ने कहा- हम 29 दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार हमारी सुध नहीं ले रही। अब हमारी हालत इतनी बदतर हो गई है कि हमें इच्छा मृत्यु मांगने पर मजबूर होना पड़ा है।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने जीवन भर स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दिया, लेकिन सरकार की उदासीनता ने उनके भविष्य को अंधकारमय बना दिया है। उन्होंने साफ किया कि जब तक मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
इधर, हड़ताल के चलते प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। अस्पतालों में इलाज प्रभावित होने से आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
