अंबागढ़ चौकी में अधूरे दस्तावेजों पर संचालित लायसेंसी देशी शराब आहता
अंबागढ़ चौकी में अधूरे दस्तावेजों पर संचालित लायसेंसी देशी शराब आहता

कार्रवाई पर उठे सवाल
अंबागढ़ चौकी:-
जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के अंबागढ़ चौकी नगर क्षेत्र में संचालित शासकीय लायसेंसी देशी शराब आहता को लेकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगने लगे हैं। जानकारी के अनुसार उक्त आहता अधूरे दस्तावेजों के बावजूद पिछले लगभग दस माह से लगातार संचालित हो रहा है, जबकि नियमानुसार लाइसेंस जारी होने की तिथि से तीन माह के भीतर आवश्यक दस्तावेज संबंधित विभाग में जमा करना अनिवार्य होता है।

सूत्रों के मुताबिक, आहता संचालक द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर जरूरी कागजात जमा नहीं किए गए, इसके बावजूद संचालन जारी है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि समयसीमा बीत जाने के बाद भी विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
मामले को लेकर जब जिला आबकारी अधिकारी से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने कहा कि वे मामले की जांच कर जानकारी देंगे। हालांकि इसके बाद बार-बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। कार्यालय पहुंचने पर भी अधिकारी उपलब्ध नहीं मिले।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नियमों का पालन नहीं किया गया है तो विभाग को स्पष्ट स्थिति सामने लानी चाहिए। वहीं जानकारों का मानना है कि लाइसेंस से जुड़े मामलों में दस्तावेजी प्रक्रिया अनिवार्य होती है और इसमें लापरवाही गंभीर विषय है।
अब देखना होगा कि विभाग इस मामले में क्या जांच करता है और आगे क्या कार्रवाई होती है।
