पत्रकार चंदूलाल चंद्राकर पर शोध के लिए अमितेश सोनकर को पीएचडी
पत्रकार चंदूलाल चंद्राकर पर शोध के लिए अमितेश सोनकर को पीएचडी

राजनांदगांव:-
श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल विश्वविद्यालय, भिलाई (छत्तीसगढ़) ने डोंगरगांव तहसील के ग्राम रूदगांव निवासी एवं शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक अमितेश सोनकर को डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान की है। उन्होंने “छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता के प्रतिमान चंदूलाल चंद्राकर: एक अध्ययन” विषय पर शोध कार्य पूर्ण किया।

यह शोध कार्य उन्होंने सहायक प्राध्यापक डॉ. संजीव कुमार के निर्देशन में किया। बाह्य परीक्षक के रूप में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. धीरज शुक्ला उपस्थित रहे।
अमितेश सोनकर ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए चंदूलाल चंद्राकर के नाम से पत्रकारिता पुरस्कार दिया जाता है। उनके योगदान और कार्यों को केंद्र में रखकर यह शोध किया गया। चंद्राकर को निर्भीक, साहित्यिक और सामाजिक पत्रकार के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने अपनी लेखनी से समाज की ज्वलंत समस्याओं को उजागर कर जन-जागरण का कार्य किया।
अमितेश सोनकर ने अपनी सफलता का श्रेय शोध निर्देशक डॉ. संजीव कुमार, विभागाध्यक्ष डॉ. धनेश जोशी, अपने माता-पिता, पत्नी और परिवारजनों को दिया। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से यह उपलब्धि संभव हुई।
पीएचडी की उपाधि मिलने की खबर से परिवार, गांव और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के प्राध्यापकों सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी।
