जिले में 288.50 लाख के 17 विकास कार्य स्वीकृत
जिले में 288.50 लाख के 17 विकास कार्य स्वीकृत

अंबागढ़ चौकी:-
छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025–26 के तहत जिले में आधारभूत संरचना विकास और पर्यावरण सुधार से जुड़े 17 कार्यों के लिए 288.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति राज्य शासन के निर्देश पर जारी की गई है।
जारी आदेश के मुताबिक, स्वीकृत कार्यों में सड़क निर्माण व मरम्मत, पुलिया निर्माण सहित अन्य स्थानीय विकास कार्य शामिल हैं। इनका उद्देश्य आवागमन को सुगम बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देना है। विभाग ने सभी कार्यों को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि स्वीकृत राशि का उपयोग 31 मार्च 2026 से पहले करना अनिवार्य होगा। कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित अधिकारियों को उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा के जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा (अधिवक्ता) ने आपदा प्रबंधन मद से राशि आवंटित करने की मांग करते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री को पत्र लिखा था। उन्होंने ग्राम पंचायतों में सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवन जैसे जरूरी कार्यों के लिए वित्तीय स्वीकृति की मांग की थी।
पत्र में बताया गया था कि कई गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी से लोगों को परेशानी हो रही है। अब राशि स्वीकृत होने के बाद लंबे समय से लंबित विकास कार्यों के जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इन कार्यों के पूरा होने से आवागमन में सुधार के साथ क्षेत्र के विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
