मोहला मिनी स्टेडियम में गूंजी शहनाई
मोहला मिनी स्टेडियम में गूंजी शहनाई

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 137 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
मोहला- मानपुर – अंबागढ़ चौकी:-
जिला मुख्यालय मोहला के मिनी स्टेडियम ग्राउंड में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के 137 जोड़े एक ही मंडप के नीचे वैवाहिक बंधन में बंधे। जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस आयोजन के साथ प्रदेशभर में कुल 6,412 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।

समारोह की शुरुआत बारात आगमन के साथ हुई। मंडप में हरिद्रालेपन, जयमाला, सप्तपदी सहित सभी वैदिक रस्में विधि-विधान से पूरी कराई गईं। हवन और मंत्रोच्चार से परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। नवदंपत्तियों ने साथ जीने-मरने का संकल्प लेकर नए जीवन की शुरुआत की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े और नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए सहायक साबित हो रही है।
योजना की शुरुआत वर्ष 2005 में हुई थी, जिसमें प्रारंभिक सहायता राशि 5 हजार रुपए थी, जिसे बढ़ाकर अब 50 हजार रुपए कर दिया गया है। योजना का उद्देश्य बेटियों के सम्मानजनक विवाह और परिवारों को आर्थिक सहयोग देना है।

मोहला-मानपुर विधायक इंद्र शाह मंडावी ने कार्यक्रम में शामिल होकर नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं दीं और योजना को कमजोर वर्ग के लिए उपयोगी बताया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा,जनपद अध्यक्ष मोहला गैंद कुवर ठाकुर, जनपद अध्यक्ष मानपुर पुष्पा मंडावी, जनपद अध्यक्ष अंबागढ़ चौकी पुनऊ राम फुल कावरे, उपाध्यक्ष शंकर तिवारी, जिला पंचायत सदस्य नरसिंह भंडारी, शांति त्रिपुरे, रेखा कोठारी, सविता तिलक सोरी, नेहरू रजक,राजेश जैन गुजराती,आशीष द्विवेदी,अनिल गुप्ता, अजरूद्दीन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
