मनरेगा बचाओ संग्राम: कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
मनरेगा बचाओ संग्राम: कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

अंबागढ़ चौकी:-
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर नवीन जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में कांग्रेस द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। पत्रकारवार्ता में डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू ने भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखे आरोप लगाए।
विधायक साहू ने कहा कि भाजपा गांव, गरीब, मजदूर, किसान और बेरोजगार विरोधी सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों को काम की कानूनी गारंटी देने वाले महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम का नाम और स्वरूप बदलकर मजदूरों से उनका अधिकार छीना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 में यूपीए सरकार के कार्यकाल में मनरेगा कानून के रूप में लागू हुआ था, जिससे ग्रामीण मजदूरों को रोजगार का कानूनी अधिकार मिला। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जीवनरेखा साबित हुई, लेकिन अब नई योजना वीबी रामजी के नाम से लाकर मजदूरों की काम, मजदूरी और जवाबदेही की गारंटी समाप्त कर दी गई है।
विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा को गांधी नाम से इतनी चिढ़ है कि योजना का नाम बदलते समय राष्ट्रपिता के सम्मान का भी ध्यान नहीं रखा गया। उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा के तहत मजदूरी का शत-प्रतिशत भुगतान केंद्र सरकार करती थी, लेकिन नई व्यवस्था में 40 प्रतिशत भुगतान का भार राज्य सरकारों पर डाल दिया गया है। इससे आर्थिक तंगी से जूझ रही राज्य सरकारों पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।
दलेश्वर साहू ने कहा कि मनरेगा में ग्राम पंचायतों और ग्राम सभाओं को विकास कार्य तय करने और मजदूरों को रोजगार देने का अधिकार था, लेकिन नई व्यवस्था में यह अधिकार छीनकर सब कुछ दिल्ली से तय किया जा रहा है। इससे ठेकेदारी प्रथा को बढ़ावा मिलेगा, जबकि मनरेगा में ठेकेदारी पूरी तरह प्रतिबंधित थी।
उन्होंने कहा कि मनरेगा का स्वरूप बदलने से ग्रामीण बेरोजगारी बढ़ेगी और मजदूरों का पलायन तेज होगा। नई योजना में न्यूनतम मजदूरी की भी गारंटी नहीं है। 125 दिन मजदूरी देने के दावे को उन्होंने जुमला बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस देशभर में मनरेगा बचाओ संग्राम चला रही है और जब तक केंद्र सरकार यह बदलाव वापस नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा।
पत्रकारवार्ता लोक निर्माण विभाग भवन में आयोजित हुई। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह ठाकुर, प्रदेश सदस्य संजय जैन, वरिष्ठ नेता गुलाब वर्मा, जिला पंचायत सदस्य शेशवरी ध्रुवे,अशोक वर्मा ,रितेश मेश्राम,मुकेश सिन्हा,गोपाल लाटा,श्याम सुंदर लाटा,मीना मांझी,अब्दुल खालिद,उपस्थित रहे।
