अंबागढ़ चौकी में युवा संवाद, रामदत्त चक्रधर होंगे मुख्य वक्ता
अंबागढ़ चौकी में युवा संवाद, रामदत्त चक्रधर होंगे मुख्य वक्ता

संघ कार्यालय भवन का होगा भूमि पूजन
अंबागढ़ चौकी:-
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर अंबागढ़ चौकी में सोमवार को ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दोपहर साढ़े 12 बजे मोहला रोड स्थित केशव नगर में होगा। युवा संवाद में संघ के सर सह कार्यवाह रामदत्त चक्रधर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। जिले भर से विभिन्न वर्गों के युवा कार्यक्रम में शामिल होंगे।
राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का उद्देश्य
युवा संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, कृषकों, व्यवसायियों, श्रमिकों और लोकसेवकों को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना तथा संघ के ‘पंच परिवर्तन’ विचारों से परिचित कराना है। संवाद के दौरान स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों में राष्ट्रीयता, अनुशासन और सेवा भावना विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। वहीं कृषक, व्यवसायी और श्रमिक वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया जाएगा।

युवाओं के सवालों के देंगे जवाब
कार्यक्रम में रामदत्त चक्रधर युवाओं के प्रश्नों का उत्तर देंगे। संवाद के प्रमुख विषयों में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी जीवनशैली और नागरिक कर्तव्यबोध शामिल रहेंगे। आयोजन में जिले भर से लगभग एक हजार से अधिक युवाओं और प्रबुद्धजनों के शामिल होने की संभावना है।
भव्य पंडाल, 1500 लोगों की व्यवस्था
आरएसएस के जिला संघचालक चिंताराम नायक और जिला प्रचार प्रमुख प्रेम गोस्वामी ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल पर भव्य पंडाल तैयार किया गया है, जिसमें 1500 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। पंजीयन प्रक्रिया पूरी कर प्रवेशिका वितरण किया जा रहा है।
संघ कार्यालय भवन का भूमि पूजन
अंबागढ़ चौकी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय भवन के निर्माण के लिए आज भूमि पूजन कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। बताया गया कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं और वास्तु शास्त्र के अनुसार निर्मित होगा। इसमें विशाल ऑडिटोरियम, वनांचल क्षेत्र के युवाओं और स्वयंसेवकों के लिए आवास तथा आधुनिक कार्यालय की व्यवस्था रहेगी।
