एक ही विवाद में दो-दो FIR : पत्रकार परिवार पर पुलिस की दोहरी कार्रवाई से बवाल
एक ही विवाद में दो-दो FIR : पत्रकार परिवार पर पुलिस की दोहरी कार्रवाई से बवाल

अंबागढ़ चौकी:-
जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी अंतर्गत चिल्हाटी थाना इन दिनों अपने कारनामों को लेकर सुर्खियों में है। पुलिस ने एक ही प्रकरण में पत्रकार, उनकी बीमार पत्नी और 70 वर्षीय पिता पर दो-दो बार एफआईआर दर्ज कर दी। महज तीन महीने के भीतर दो अलग-अलग गंभीर धाराओं में कार्रवाई कर पत्रकार परिवार को घेरने का मामला सामने आया है।
इधर जिले भर के पत्रकारों में पुलिसिया रवैये को लेकर गहरा आक्रोश पनप गया है। प्रेस क्लब की आपात बैठक में इस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव और षड्यंत्र करार दिया गया।
एक ही विवाद, दो-दो FIR
कहाडकसा निवासी आंचलिक पत्रकार केजन साहू का विवाद जमीन और पानी निकासी को लेकर है। इस मामले में डीएसपी जांच के बाद 20 जून 2025 को पुलिस ने प्रतिबंधित धाराओं में केस दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया था।
लेकिन आश्चर्यजनक रूप से, इसी मामले को तीन महीने बाद फिर से खंगालते हुए पुलिस ने 9 सितंबर की रात जातिगत प्रताड़ना व गाली-गलौज की गंभीर धाराओं में दूसरी FIR दर्ज कर दी। पत्रकार के साथ उनकी बीमार पत्नी और वृद्ध पिता को भी आरोपियों की सूची में शामिल कर लिया गया।
पुलिस धाराओं से खेल रही-पत्रकार
प्रेस क्लब की बैठक में पत्रकारों ने आरोप लगाया कि चिल्हाटी पुलिस राजनीतिक दबाव में काम कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है और निष्पक्ष जांच के बजाय पत्रकार व उसके परिवार को परेशान करने की साजिश रची जा रही है।
प्रेस क्लब अध्यक्ष एनिशपुरी गोस्वामी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी-“पत्रकारों के खिलाफ इस तरह का दमनकारी रवैया किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। अगर आरोप वापस नहीं लिए गए तो पत्रकार समाज लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा।”
मामले में जब चिल्हाटी थाना प्रभारी संजय मरावी से पक्ष लिया गया तो उन्होंने कहा कि “वरिष्ठ अधिकारीयों के कहने से FIR दर्ज करनी पड़ी।”
पुलिसिया कार्रवाई को लेकर अब जिले में पत्रकारों का विरोध तेज होने के आसार हैं।
