बिजली की बदहाल व्यवस्था को लेकर युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग को सौंपा ज्ञापन
बिजली की बदहाल व्यवस्था को लेकर युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग को सौंपा ज्ञापन

उग्र आंदोलन की चेतावनी
अंबागढ़ चौकी:-
जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत कौड़ीकसा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामवासियों का सब्र जवाब दे रहा है। बिहरीकला, बिहरी खुर्द, मेटेपार, गौलीटोला, नीचेकोहड़ा, पीपरखार, परसाटोला सहित आसपास के ग्रामों में हर दिन बिना पूर्व सूचना के बिजली बंद की जा रही है, जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
इसी के विरोध में युवा कांग्रेस, NSUI, पंचायत जनप्रतिनिधि एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से विद्युत विभाग सब स्टेशन कौड़ीकसा को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन युवा कांग्रेस जिलामहासचिव एवं संगठन प्रभारी हिमांशु मेश्राम (लाला भाऊ), NSUI जिलामहासचिव योगेंद्र रामटेके, उपसरपंच अजय अग्रवाल एवं बजरंग दल के समीर भांडेकर के नेतृत्व में सौंपा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि विगत कई वर्षों से कौड़ीकसा सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति में भारी लापरवाही बरती जा रही है। न सिर्फ बार-बार बिजली काटी जाती है, बल्कि इसकी पूर्व सूचना भी नहीं दी जाती। बिजली आने का कोई निश्चित समय नहीं होता शिकायत करने के लिए विभागीय कर्मचारीयों को फोन किया जाता है तो उनके द्वारा फोन नहीं उठाया जाता और यदि उठाते भी हैं तो “कार्य प्रगति पर है” कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो समस्त ग्रामवासी मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे।
