ग्राम पंचायत सोमाटोला में वित्तीय गड़बड़ी का मामला उजागर
ग्राम पंचायत सोमाटोला में वित्तीय गड़बड़ी का मामला उजागर

पूर्व सरपंच और सचिव पर गंभीर आरोप, फर्जी बिलों से किया खुद को लाभान्वित
अंबागढ़ चौकी:-
जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के जनपद पंचायत मोहला अंतर्गत ग्राम पंचायत सोमाटोला में वित्तीय अनियमितता का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पूर्व सरपंच और सचिव पर आरोप है कि उन्होंने शासन की योजनाओं के तहत प्राप्त राशि में भारी गड़बड़ी कर फर्जी बिलों के माध्यम से लाखों रुपये का घोटाला किया और स्वयं को लाभान्वित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचायत के कार्यकाल के दौरान कई निर्माण और विकास कार्यों में कागजों पर ही सामग्री की खरीदी, मजदूरी और निर्माण कार्यों का भुगतान दर्शाया गया है, जबकि वास्तविकता में अधिकांश कार्य या तो अधूरे हैं या किए ही नहीं गए।
विशेष रूप से ध्यान देने योग्य बात यह है कि अधिकांश बिल एक ही दुकान से बार-बार जारी किए गए हैं, जिससे संदेह और गहराता जा रहा है कि यह सुनियोजित योजना के तहत किया गया घोटाला है। वहीं कई बिलों में मूल्य अत्यधिक दर्शाए गए हैं, जिससे शासकीय धन का दुरुपयोग सिद्ध होता है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत की बैठकें नियमित रूप से नहीं हुईं और निर्णय भी चुनिंदा व्यक्तियों द्वारा मनमाने ढंग से लिए गए। इसके अलावा, मनरेगा और 14वें वित्त के अंतर्गत मिले अनुदान का भी पारदर्शी उपयोग नहीं किया गया।
