ग्राम पंचायत आटरा में “एक काम–दो बिल” योजना! सरपंच–सचिव और वेंडरों की मिलीभगत से सरकारी धन की बंदरबांट?
ग्राम पंचायत आटरा में “एक काम–दो बिल” योजना!
सरपंच–सचिव और वेंडरों की मिलीभगत से सरकारी धन की बंदरबांट?

अंबागढ़ चौकी:-
ग्राम पंचायत आटरा में विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार का नया खेल सामने आया है। जानकारी के अनुसार पंचायत में एक ही काम के लिए अलग–अलग वेंडरों से कई बिल लगाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह “एक काम—दो बिल” योजना अब पंचायत में पैसों की बंदरबांट का आसान जरिया बन गई है।
सूत्रों के अनुसार गली सफाई, नाली सफाई, स्कूल मरम्मत, बिजली मरम्मत सहित कई छोटे–बड़े कार्यों को रिकॉर्ड में बार-बार दर्शाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता में कार्य स्थल पर किसी भी प्रकार का संतोषजनक काम नज़र नहीं आता।
आरोप है कि सरपंच, सचिव और कुछ चुने हुए वेंडरों की मिलीभगत से एक ही समय दो-दो वेंडरों के बिल स्वीकृत कराए जा रहे हैं, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान हो रहा है। वहीं उच्च अधिकारियों को भी रिकॉर्ड में दिखाए गए फर्जी कार्यों के माध्यम से भ्रमित किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने इस पूरे मामले की जांच की मांग करते हुए कहा कि पंचायत में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की जमीनी पड़ताल आवश्यक है, ताकि भ्रष्टाचार पर रोक लग सके और जनता की समस्याओं का समाधान हो सके।
भारती चंद्राकर,जिला पंचायत सीईओ,जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी ने कहा अगर इस तरह की अनियमितता है तो जांच उपरांत उचित कार्यवाही की जाएगी।
