एयरगन से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
एयरगन से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

अंबागढ़ चौकी:-
जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के खड़गांव थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति पर एयरगन से फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खड़गांव के टंकीपारा वार्ड-11 निवासी ईश्वरी पटेल ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके बड़े भाई जीवन पटेल पर लालदास दुग्गा नामक व्यक्ति ने एयरगन से हमला किया। घटना 19 नवंबर की दोपहर लगभग 4 बजे की है, जब जीवन पटेल साप्ताहिक बाजार के लिए घर से निकले थे। बस स्टैंड स्थित पीपल पेड़ के पास आरोपी ने बहसबाजी के बाद उन पर एयरगन से फायर कर दिया। गोली का छर्रा जीवन पटेल की पीठ में धंस गया, जिससे वे घायल हो गए।
घायल को खड़गांव अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद मोहला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई गई।
रिपोर्ट दर्ज होने पर खड़गांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 84/2025 के तहत धारा 109(1) भारतीय न्याय सहिता 2023 तथा 25, 27 Arms Act के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी से घटना में प्रयुक्त एयरगन व छर्रा जब्त किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए गए।
सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी लालदास दुग्गा को 20 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने पर अदालत ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश दिए, जिसके बाद उसे जिला जेल राजनांदगांव में निरुद्ध कर दिया गया है।
पूरी कार्रवाई में खड़गांव थाना पुलिस की सक्रिय भूमिका रही।
