ग्रामों में आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण, बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य व शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम
ग्रामों में आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण, बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य व शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम

अंबागढ़ चौकी:-
जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के ग्राम सिंघाभेड़ी, होड़ीटोला, हुंडीटोला और चिखली में आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पांडे और जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। सांसद संतोष पांडे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार समाज के अंतिम पायदान तक बैठे व्यक्ति के विकास और उत्थान के लिए अनेक योजनाएँ संचालित कर रही है। आंगनबाड़ी भवनों से बच्चों के पोषण और शिक्षा की व्यवस्था होगी, साथ ही माताओं को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हाल ही में जीएसटी दरों में कमी कर आम जनता को राहत दी गई है। अब जरूरत की वस्तुएँ और सस्ती हो गई हैं, जिससे हर वर्ग को लाभ मिलेगा। यह कदम जनहित में सरकार की संवेदनशीलता और समर्पण को दर्शाता है।

जिला पंचायत अध्यक्ष नम्रता सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी भवन ग्रामीण अंचलों में मातृ-शिशु स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा का सशक्त केंद्र हैं। इनके माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा है कि कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे और हर माँ-बच्चा स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सके।
ग्रामवासियों ने आंगनबाड़ी भवनों के लोकार्पण पर खुशी व्यक्त की और कहा कि यह भवन बच्चों के विकास और पोषण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
