भाजपा जिलाध्यक्ष बने दिलीप वर्मा
भाजपा जिलाध्यक्ष बने दिलीप वर्मा

नरसिंह भंडारी और अनिल गुप्ता को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी
अम्बागढ़ चौकी:-
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जिले के संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए दिलीप वर्मा को भाजपा मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही नरसिंह भंडारी और अनिल गुप्ता को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस नई घोषणा की जानकारी शुक्रवार रात्रि को दी गई।
घोषणा के साथ ही जिलेभर के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और उल्लास का माहौल बन गया। शनिवार सुबह से ही अम्बागढ़ चौकी में कार्यकर्ताओं का तांता लग गया। कार्यकर्ताओं ने नव नियुक्त पदाधिकारियों का मिठाई खिलाकर, फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छों से भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर नव नियुक्त जिलाध्यक्ष दिलीप वर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी को वे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही नई टीम का गठन कर कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं में इस नई नियुक्ति को लेकर नई ऊर्जा और जोश देखा गया, जिससे पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रियता और तेज़ी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
