जनजातीय क्षेत्रों में धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत जागरूकता अभियान
जनजातीय क्षेत्रों में धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत जागरूकता अभियान

जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी
जनजातीय कार्य मंत्रालय के राष्ट्रव्यापी अभियान “धरती आबा जनभागीदारी” के तहत जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में पुलिस द्वारा 21 से 24 जून 2025 के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत जिले के विभिन्न थानों और चौकियों – मानपुर, मोहला, अंबागढ़ चौकी, औंधी, कोहका, सीतागांव और यातायात पुलिस – द्वारा स्कूलों, कॉलेजों और गांवों में चौपाल का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में जनजातीय समुदाय को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं जैसे आधार कार्ड, आयुष्मान भारत, जन-धन योजना और पीएम किसान योजना के तहत लाभों की जानकारी दी गई।

साथ ही, एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के कानूनी प्रावधानों, तस्करी, दुर्व्यवहार, घरेलू हिंसा और महिला सुरक्षा से जुड़े उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया। साइबर जागरूकता के तहत डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय, और गलत सूचना की पहचान करने के तरीकों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।
यह जागरूकता अभियान जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशन में 15 जून से 15 जुलाई 2025 तक जारी रहेगा। पुलिस ने इस पहल को सामुदायिक सहभागिता को मजबूत बनाने और जनजातीय समुदाय को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
