गोंड समाज युवा महोत्सव एवं वार्षिक अधिवेशन संपन्न:
गोंड समाज युवा महोत्सव एवं वार्षिक अधिवेशन संपन्न: संस्कृति संरक्षण और सामाजिक चेतना पर दिया गया जोर

राजा लक्ष्मेंद्र शाह के नेतृत्व में हजारों की सहभागिता
युवाओं को जोड़ने संभाग स्तरीय रणनीति तय
मोहला:-
जिला मुख्यालय मोहला में 19 और 20 मई को गोंड समाज का दो दिवसीय संभाग स्तरीय युवा महोत्सव एवं वार्षिक अधिवेशन भव्यता के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन आदिवासी अस्मिता, सामाजिक चेतना और संस्कृति संरक्षण का संगम साबित हुआ।
पारंपरिक स्वागत और शुभारंभ
राजा लक्ष्मेंद्र शाह का स्वागत मांदर की थापों और सैकड़ों लोगों की विशाल रैली के साथ किया गया। यह रैली राजा बाड़ा से प्रारंभ होकर बस स्टैंड, पुलिस थाना होते हुए गोंडवाना भवन पहुंची। यहां परंपरागत विधियों से लाल श्याम शाह महाराज, जिम्मेदारीन माता और बूढ़ा देव की पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

संस्कृति, कानून और परंपरा पर चर्चा
मोहला, मानपुर अं. चौकी, छुरिया और महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से आठ से दस हजार लोगों की सहभागिता ने इस आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम में गोंड समाज की परंपराओं जैसे 7/14 प्रथा और प्रमुख संस्कारों (टांडा, मंडा, कुंडा) पर गहन चर्चा की गई।
संभाग अध्यक्ष प्रेम सिंह घावड़े के नेतृत्व में विदेशी प्रभावों से गोंड संस्कृति को बचाने और संरक्षित रखने की रणनीति तय की गई। समाज की बॉयलॉज नियमावली और उसके कार्यान्वयन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
युवाओं को जोड़ने पर जोर
कार्यक्रम के दौरान संभाग स्तरीय युवा प्रभाग का गठन किया गया। युवाओं को सामाजिक चेतना, शिक्षा, रोजगार और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। उन्हें नशे, ऑनलाइन धोखाधड़ी और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी गई।

सम्मान समारोह
समारोह में नवनिर्वाचित सरपंच, जनपद और जिला पंचायत सदस्यों के साथ प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, कलाकारों और कृषकों को सम्मानित किया गया। शिक्षा, खेल, कला और कृषि को सामाजिक विकास का आधार मानते हुए इन्हें प्रोत्साहित करने की घोषणा की गई।
लोक परंपरा के साथ समापन
कार्यक्रम का समापन रेला पाटा (लोकगीत और नृत्य परंपरा) के साथ हुआ, जिसने समाज की एकता और सांस्कृतिक ऊर्जा को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रेम सिंह घावड़े, उपाध्यक्ष पंचम परतेती, महासचिव पवन तुलावी, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश हिड़मे, दरोगा नेताम, संजीत ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं व युवा उपस्थित रहे।
