मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में मुरूम खुदाई जोरों पर, प्रशासन बना मूकदर्शक
मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में मुरूम खुदाई जोरों पर, प्रशासन बना मूकदर्शक

अंबागढ़ चौकी:-
जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी में मुरूम खुदाई का अवैध कारोबार शासन और प्रशासन की अनदेखी के चलते चरम पर है। ब्लॉक अंबागढ़ चौकी, मोहला, और मानपुर क्षेत्रों में तथाकथित भाजपा कार्यकर्ता भाजपा गमछा पहनकर खुलेआम मुरूम उत्खनन कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता ने इन अवैध उत्खननकर्ताओं के हौसले और भी बुलंद कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय अधिकारियों को अवैध उत्खनन की सूचनाएं दी जाती हैं, लेकिन इसके बावजूद वे कार्यवाही करने से कतराते हैं। प्रशासन की इस निष्क्रियता के चलते प्राकृतिक संसाधनों का दोहन बदस्तूर जारी है, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है।
प्रश्न उठता है कि आखिर क्या कारण है कि अधिकारी इस गंभीर मुद्दे पर कार्रवाई करने से बचते हैं? क्या यह राजनीतिक दबाव का नतीजा है, या फिर प्रशासनिक लापरवाही का प्रमाण?
अब देखना यह है कि इस खबर के प्रकाशन के बाद प्रशासन कोई ठोस कदम उठाएगा या यह अवैध सिलसिला यूं ही चलता रहेगा। स्थानीय निवासियों ने सरकार और प्रशासन से तत्काल कार्यवाही की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बहाल हो सके और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा हो सके।
