जल संरक्षण के लिए चिल्हाटी में निकली वाटर शेड रथ यात्रा, ग्रामीणों में जागरूकता की नई लहर
जल संरक्षण के लिए चिल्हाटी में निकली वाटर शेड रथ यात्रा, ग्रामीणों में जागरूकता की नई लहर

50 महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा गांव
अंबागढ़ चौकी:-
जल और भूमि संसाधनों के सतत उपयोग और संरक्षण के उद्देश्य से भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग द्वारा ग्राम पंचायत चिल्हाटी में 5 अप्रैल को जलग्रहण परियोजना अंतर्गत वाटर शेड रथ यात्रा का आयोजन किया गया। यह आयोजन मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के अंबागढ़ चौकी विकासखंड के माइक्रो वाटर शेड क्षेत्र में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों और किसानों ने भाग लिया।
यात्रा का मुख्य उद्देश्य वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण और सतत जल उपयोग को लेकर जन-जागरूकता फैलाना रहा। रथ यात्रा का ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और जल संरक्षण के प्रति गंभीर प्रतिबद्धता दिखाई।

कार्यक्रम के दौरान रंगोली सज्जा, श्रमदान, जल विषयक सांस्कृतिक नृत्य, रैली, और ‘पानी की पाठशाला’ जैसी रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व और उसके संरक्षण के तरीकों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी सहभागिता दी। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति बाई त्रिपुरे, जनपद अध्यक्ष पूनऊराम फूलकैरे, जनपद सदस्य श्यामलाल चंद्रवशी, पवन तुलावी, ग्राम सरपंच सुश्री डिम्पल मंडावी सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि क्षेत्र की 50 महिला स्व सहायता समूहों ने जल संरक्षण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस सामाजिक सरोकार को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
यह रथ यात्रा न केवल जल संरक्षण के प्रति सामूहिक चेतना जाग्रत करने का माध्यम बनी, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को जल की महत्ता समझाने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुई।
