पंचायत सचिवों की संभाग स्तरीय बैठक संपन्न
पंचायत सचिवों की संभाग स्तरीय बैठक संपन्न

शासकीयकरण की मांग पर अडिग सचिव संघ
ग्राम पंचायतों में ठप पड़ा काम, ग्रामीण हो रहे परेशान
मोहला:-
जिले के तीनों ब्लॉकों में पंचायत सचिव अपनी शासकीयकरण की एक सूत्रीय मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं। इस आंदोलन के चलते ग्राम पंचायतों में कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया है। पीएम आवास योजना, मनरेगा, पेंशन वितरण जैसी मूलभूत योजनाओं पर असर पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी क्रम में दुर्ग संभाग स्तरीय बैठक का आयोजन मोहला में किया गया, जिसमें मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के 185 ग्राम पंचायतों के सचिवों सहित दुर्ग संभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सचिवों ने अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई और शासकीयकरण की मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प दोहराया।

बैठक में छत्तीसगढ़ पंचायत सचिव संघ के कार्यकारिणी अध्यक्ष कोमल निषाद भी मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि, “हमने कई बार सरकार से मांग की है कि सचिवों को शासकीयकरण किया जाए। विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इसे अपने जनघोषणा पत्र में शामिल किया था और सरकार बनने के 100 दिन के भीतर नियमितीकरण का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सिर्फ समिति बनाकर सचिवों को गुमराह किया जा रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि सचिवों के आंदोलन में कोई कमी नहीं आएगी, जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। सचिवों की गैरमौजूदगी से ग्राम पंचायतों में योजनाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है, क्योंकि सचिव ही इन कार्यों की प्रमुख कड़ी होते हैं। उनकी अनुपस्थिति में संबंधित कार्यों का संचालन लगभग असंभव हो गया है।
ग्रामीणों को सरकार से उम्मीद है कि जल्द ही सचिवों की मांगों पर उचित निर्णय लेकर पंचायत व्यवस्था को सुचारू किया जाएगा।
