अश्विनी नवरात्रि अनुष्ठान की पूर्णाहुति 1 अक्टूबर को
अश्विनी नवरात्रि अनुष्ठान की पूर्णाहुति 1 अक्टूबर को

स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ में होगा यज्ञ-हवन, संस्कारों का भी आयोजन
अंबागढ़ चौकी:-
गायत्री शक्तिपीठ में अश्विनी नवरात्रि साधना अनुष्ठान पर्व की पूर्णाहुति आगामी 1 अक्टूबर, बुधवार को संपन्न होगी। हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष नवमी तिथि 1 अक्टूबर को पड़ रही है। इसी दिन नौ दिनों से चल रहे लघु अनुष्ठान साधना का समापन यज्ञ-हवन के साथ किया जाएगा।
नियमित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 5 बजे देव आवाहन एवं पूजन के बाद साधकों द्वारा एक घंटे का गायत्री महामंत्र का सामूहिक जप किया जाएगा। इसके पश्चात सुबह 11 बजे से नवमी तिथि पर लघु अनुष्ठान साधना की पूर्णाहुति यज्ञ-हवन आरंभ होगी।
गायत्री परिवार के साधक प्रतिदिन एक समय फलाहार-रसाहार तथा एक समय बिना स्वाद का भोजन प्रसाद रूप में ग्रहण करते हुए, नौ दिनों तक मौन व्रत एवं कठोर साधना में लीन रहते हैं। साधकों द्वारा प्रतिदिन 27 माला (एक माला में 108 मंत्र) के अनुसार गायत्री महामंत्र का जाप किया जाता है। इस प्रकार अनुष्ठान का समापन यज्ञ-हवन द्वारा किया जाएगा।
पूर्णाहुति दिवस पर हवन कार्यक्रम के साथ-साथ गर्भ पूजन, नामकरण, अन्नप्राशन, मुंडन, विद्यारंभ, ज्ञान अर्जन, जन्मदिन तथा विवाह दिवस जैसे विभिन्न संस्कार भी संपन्न कराए जाएंगे। इच्छुक परिवारों से अनुरोध है कि वे शक्तिपीठ में नाम अंकित करा लें।
गायत्री शक्तिपीठ के पुरोहित हरि कीर्तन ने सभी धर्मप्रेमी भाइयों-बहनों से परिवार सहित यज्ञ-हवन में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
