छत्तीसगढ़ में NHM कर्मचारियों का आंदोलन 19वें दिन भी जारी
छत्तीसगढ़ में NHM कर्मचारियों का आंदोलन 19वें दिन भी जारी

काली पट्टी बांध मौन रहकर जताया विरोध, आदिवासी समाज ने किया समर्थन
अंबागढ़ चौकी:-
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन शुक्रवार को 19वें दिन भी जारी रहा। प्रदेशभर के स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत एनएचएम के कर्मचारी हड़ताल पर डटे हैं। इसी कड़ी में आज उन्होंने मुंह पर काली पट्टी बांधकर मौन रहकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
आंदोलनरत कर्मचारियों को शुक्रवार को आदिवासी समाज का भी साथ मिला। युवा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष आंदोलन स्थल पहुंचे और एनएचएम कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि एनएचएम कर्मचारी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं और उनकी जायज मांगों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। सरकार को चाहिए कि वह जल्द संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान निकाले, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य हो सकें।
कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, ग्रेड पे निर्धारण, अनुकंपा नियुक्ति, 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
लगातार जारी इस हड़ताल से प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है। ग्रामीण और शहरी इलाकों में आम जनता को स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। एनएचएम कर्मचारी संघ ने सरकार से पुनः अपील की है कि वह इस गंभीर स्थिति का संज्ञान लेकर तत्काल उनकी मांगों को पूरा करे, जिससे राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं बहाल हो सकें।
