सहकारिता मंत्री केदार कश्यप से मिले कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी,सौंपा तीन सूत्रीय मांग पत्र
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप से मिले कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी,सौंपा तीन सूत्रीय मांग पत्र

अंबागढ़ चौकी:-
छत्तीसगढ़ सरकारी समिति कर्मचारी महासंघ के प्रदेश पदाधिकारियों ने सोमवार को राजनांदगांव में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन के दौरान सहकारिता मंत्री केदार कश्यप को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, राज्य सहकारी बैंक अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक राजनांदगांव अध्यक्ष सचिन बघेल भी मौजूद रहे।
महासंघ के पदाधिकारियों ने अपनी लंबित तीन सूत्रीय मांगों को लेकर पुनः ध्यान आकर्षित कराया। संगठन ने बताया कि पिछले दो वर्षों से मांगों को लेकर ज्ञापन, रैली, विधानसभा घेराव और अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा चुकी है, लेकिन शासन द्वारा अभी तक किसी भी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे प्रदेश के करीब 13 हजार समिति कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आगामी वर्ष में धान खरीदी का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।

तीन सूत्रीय मांगें:-
मध्यप्रदेश की तर्ज पर अनुदान – प्रदेश की सभी 2058 समितियों के कर्मचारियों को वेतन मद हेतु शासन प्रतिवर्ष 3 लाख रुपए प्रबंधकीय अनुदान प्रदान करे।
सेवा नियम संशोधन–सेवा नियम 2018 में संशोधन कर पुनरीक्षित वेतनमान लागू किया जाए तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में सीधी भर्ती बंद कर समिति कर्मचारियों को पदोन्नति का अवसर दिया जाए।
धान खरीदी में सुखत की भरपाई–शासन द्वारा परिवहन में देरी से होने वाले सुखत की भरपाई शासन स्तर पर की जाए एवं आगामी खरीदी वर्ष 2025-26 से इसका स्पष्ट प्रावधान किया जाए।
इस मौके पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र साहू, उपाध्यक्ष आरिफ खान, प्रदेश महासचिव ईश्वर श्रीवास, संगठन मंत्री वेद प्रकाश वैष्णव, प्रवक्ता रोहित डड़सेना, जिला अध्यक्ष किशुन देवांगन, प्रदेश प्रचार मंत्री भाईलाल देवांगन सहित चार जिलों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
