शिक्षक की कमी को लेकर जंतरगुंडरा के ग्रामीणों का हंगामा
शिक्षक की कमी को लेकर जंतरगुंडरा के ग्रामीणों का हंगामा

पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू के नेतृत्व में बीईओ कार्यालय का घेराव
अंबागढ़ चौकी:-
जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के विकासखंड अंबागढ़ चौकी अंतर्गत ग्राम जंतरगुंडरा के ग्रामीणों ने बुधवार को प्राथमिक शाला में शिक्षक की कमी को लेकर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने पूर्व खुज्जी विधायक छन्नी चंदू साहू के नेतृत्व में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय का घेराव किया और शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक स्कूल में शिक्षक की व्यवस्था नहीं होगी तब तक वे आंदोलन स्थल से नहीं उठेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि जंतरगुंडरा प्राथमिक शाला में 60 से अधिक बच्चों का दाखिला है, लेकिन पूरी व्यवस्था महज एक प्रधान पाठक के भरोसे चल रही है। इसके चलते बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और कई बार स्कूल समय से पहले बंद हो जाता है जिसकी जानकारी पालकों को नहीं हो पाती स्कूल के सामने तालाब है जो बच्चों के लिए खतरा हो सकता है।
पूर्व विधायक छन्नी चंदू साहू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि शासन ने 57 हजार शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी, लेकिन अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। नई भर्ती से बचने के लिए युक्तियुक्तकरण लागू किया गया, जिसकी वजह से कई स्कूलों में शिक्षक की भारी कमी बनी हुई है।
बीईओ के समझाइश देने के बाद भी ग्रामीण नहीं माने और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए डीईओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विद्यालय में पदस्थ शिक्षिका, जो बिना अनुमति लगातार अनुपस्थित है, उनके खिलाफ जांच की जाएगी। साथ ही तत्काल व्यवस्था के तहत अतिरिक्त शिक्षक भेजने की बात कही।
डीईओ ने संकुल समन्वयक और बीईओ को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्कूल में एकल शिक्षक की स्थिति न बने। यदि कोई शिक्षक अवकाश पर हो तो उनके स्थान पर तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त किया। हालांकि, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में फिर बच्चों की पढ़ाई से खिलवाड़ हुआ तो वे पुनः आंदोलन करेंगे और इस बार तंबू गाड़कर अनिश्चितकालीन धरना देंगे।
