जिला टॉपर बनी शारदा मंडावी, खेती-किसानी में नवाचार का सपना
जिला टॉपर बनी शारदा मंडावी, खेती-किसानी में नवाचार का सपना

अंबागढ़ चौकी:-
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बारहवीं परीक्षा में मोहला-मानपुर जिले का परचम लहराया है। जिले के ग्राम मोहगांव की बेटी शारदा मंडावी ने 91 प्रतिशत अंक हासिल कर जिला टॉपर का खिताब अपने नाम किया है।
शारदा के पिता दिलीप मंडावी किसान हैं। उन्होंने बेटी की रुचि को देखते हुए उसे कृषि विषय से पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया। शारदा ने चिल्हाटी ब्लॉक के शासकीय स्कूल से अध्ययन किया और सफलता की ऊँचाइयाँ छुईं।
ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद शारदा ने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। पढ़ाई के साथ वह अपनी माँ के साथ घरेलू कामों में हाथ बंटाती और पिता के साथ खेतों में भी श्रम करती रही।
शारदा का कहना है कि वह आगे चलकर कृषि के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहती है ताकि खेती-किसानी में नवाचार कर किसानों की आय बढ़ा सके। उसने बताया कि खेतों में काम करने का अनुभव और विषय के प्रति लगाव ने उसे बेहतर परिणाम देने के लिए प्रेरित किया।
बचपन से ही होनहार शारदा अब जिले ही नहीं, बल्कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी खेती को नई दिशा देने का सपना देख रही है।

शारदा की इस कामयाबी के लिए अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ जिला इकाई मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी ने शारदा को बधाई दी एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
