धरती आबा अभियान के तहत गोटाटोला में नशा मुक्ति और साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
धरती आबा अभियान के तहत गोटाटोला में नशा मुक्ति और साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को किया जागरूक, छात्रावास का किया निरीक्षण
मोहला:-
धरती आबा जनभागीदारी अभियान (15 जून से 15 जुलाई 2025) के तहत मंगलवार को ग्राम गोटाटोला के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय प्री-मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास मार्री (थाना– मोहला) में नशा मुक्ति एवं साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह (भा.पु.से.), जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी द्वारा विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, करियर मार्गदर्शन, महिला सुरक्षा, यातायात नियम, मानव तस्करी, बैंकिंग फ्रॉड, ST/SC कानून, घरेलू हिंसा, और गुड टच-बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचाव हेतु व्यावहारिक उदाहरणों के साथ प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को बीड़ी, सिगरेट, मदिरा, गांजा जैसे नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी और बेहतर भविष्य के लिए सशक्त दिशा निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम के दौरान महिला प्रकोष्ठ, साइबर सेल और थाना गोटाटोला की टीम की उपस्थिति रही। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने बालिकाओं को सम्मानस्वरूप माला पहनाकर प्रोत्साहित किया और छात्रावास का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस जागरूकता अभियान में लगभग 400 से 450 छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण एवं प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाना, कानून की जानकारी देना और उन्हें एक सशक्त नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करना रहा।

