खाद विक्रेता के यहाँ औचक निरीक्षण,किसानों से अधिक दाम वसूली की शिकायतें
खाद विक्रेता के यहाँ औचक निरीक्षण,किसानों से अधिक दाम वसूली की शिकायतें

अंबागढ़ चौकी:-
अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम बाँधा बाजार में स्थित खाद विक्रेता बीरेंद्र कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान पर सोमवार को कलेक्टर मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी एवं एसडीएम मोहला के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण किया।

यह कार्रवाई उस वक्त की गई जब खाद विक्रेता के खिलाफ लगातार यह शिकायत मिल रही थी कि वह किसानों को निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया, टीएसपी और अन्य रासायनिक खाद बेच रहा है। निरीक्षण के दौरान विभाग ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच की तथा प्रथम दृष्टया अनियमितताएं पाए जाने पर नोटिस भी जारी किया।

हालांकि प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों और किसानों के बीच मिश्रित प्रतिक्रिया देखी जा रही है। कुछ लोगों का मानना है कि यह सिर्फ औपचारिकता भर है और वास्तविक सख्त कार्रवाई से प्रशासन कतराता रहा है। अब देखना यह है कि क्या प्रशासन इस बार दोषी विक्रेता के विरुद्ध ठोस कार्यवाही करता है या यह निरीक्षण भी महज कागजों में सीमित रह जाएगा।
किसान संगठनों ने भी मांग की है कि दोषी खाद विक्रेता का लाइसेंस निलंबित कर किसानों को राहत दी जाए।
