त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आचार संहिता के दौरान बिहरी कला पंचायत में लाखों रुपए का गोलमाल
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आचार संहिता के दौरान बिहरी कला पंचायत में लाखों रुपए का गोलमाल

पूर्व सरपंच और सचिव पर भ्रष्टाचार का आरोप, आचार संहिता का खुलेआम उलंघन
अंबागढ़ चौकी:-
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान लागू आचार संहिता के बावजूद ग्राम पंचायत बिहरी कला में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं उजागर हुई हैं। पंचायत के पूर्व सरपंच और वर्तमान सचिव गुलाब निषाद पर मिलीभगत कर लाखों रुपए की राशि आहरित करने का आरोप है।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद कोई भी निर्माण कार्य स्वीकृत नहीं था, न ही किसी प्रस्ताव को पारित किया गया। फिर भी पंचायत के खाते से बड़ी मात्रा में राशि निकाली गई और बिना किसी विभागीय स्वीकृति या तकनीकी निरीक्षण के भुगतान कर दिया गया।

चौंकाने वाली बात यह है कि
इस मामले में रिकॉर्डिंग डांस प्रतियोगिता के नाम पर भी तीन हजार रुपए की राशि पंचायत खाते से निकाली गई। बताया जा रहा है कि यह राशि इनाम या चंदे के नाम पर आहरित की गई, यह प्रकरण भी पंचायत निधि के दुरुपयोग की ओर इशारा करता है।

जानकारों का कहना है कि आचार संहिता के दौरान किसी भी प्रकार का भुगतान करने के लिए जिला प्रशासन से स्पष्ट अनुमति आवश्यक होती है। लेकिन इस मामले में न तो कोई स्वीकृति प्राप्त हुई और न ही विभागीय प्रक्रियाओं का पालन किया गया।

इस पूरे मामले में विभागीय स्तर पर मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता। अब प्रश्न यह उठता है कि —
किस अधिकारी ने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया?
किसने भुगतान को स्वीकृति दी?
और आचार संहिता के दौरान किस आधार पर राशि जारी की गई?
स्थानीय जनता इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है। अब देखना यह है कि संबंधित उच्चाधिकारी कार्रवाई करते हैं या फिर यह मामला भी अन्य घोटालों की तरह दफ्तर की फाइलों में दफन हो जाएगा।

मामले को लेकर शंकर प्रसाद तिवारी उपाध्यक्ष जनपद पंचायत अंबागढ़ चौकी ने कहा जांच करवाएंगे और दोषी पाए जाने पर उचित कार्यवाही करेंगे।
